नोएडा में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान

नोएडा, 10 फरवरी: कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को मजबूत करने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ एक सख्त अभियान शुरू किया है. इस विशेष अभियान के तहत बीती रात 383 व्यक्तियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान निरंतर जारी रहेगा. पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार, यह अभियान ग्रेटर नोएडा जोन में संचालित किया गया. अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा साद मियां खान ने किया, जबकि अपर पुलिस उपायुक्त सुधीर कुमार ने इसकी निगरानी की. सभी सहायक पुलिस आयुक्तों ने अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया.

9 फरवरी को चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करना था. पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ धारा 292 बीएनएस के तहत कार्रवाई की. पुलिस का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है.

अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई. थाना नॉलेज पार्क से 42, थाना बीटा-2 से 28, थाना दादरी से 52, थाना जारचा से 32, थाना कासना से 75, थाना ईकोटेक-प्रथम से 14, थाना दनकौर से 62, थाना जेवर से 62 और थाना रबूपुरा से 16 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है. गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा, शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को सुरक्षित और अनुशासित बनाया जा सके.

Leave a Comment