रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह के मामले में पुलिस ने उठाए महत्वपूर्ण कदम

मुंबई, 14 फरवरी: मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग और रणवीर सिंह को मिली धमकी के मामले में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. पुलिस ने रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह के मैनेजर का बयान दर्ज किया है. इसके साथ ही, रोहित शेट्टी केस से जुड़े महत्वपूर्ण सीन को भी रीक्रिएट किया गया है.

रणवीर सिंह को एक अनजान नंबर से वॉइस नोट मिला, जिसमें धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और पैसे की मांग की. इस घटना की जानकारी रणवीर ने तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को दी. मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने रणवीर सिंह के पास पहुंचकर उनके मैनेजर का बयान लिया. पुलिस ने यह भी पूछा कि क्या रणवीर को पहले कोई धमकी मिली थी या कोई पुरानी घटना हुई थी. धमकी वॉइस नोट में रणवीर के स्टाफ को निशाना बनाने की बात कही गई. पुलिस ने वॉइस की जांच शुरू कर दी है और स्रोत ट्रेस करने की कोशिश कर रही है.

दूसरी ओर, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में, मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुणे से मुंबई तक स्कूटी लाने के सीन को रीक्रिएट किया. इस दौरान चार आरोपी स्वप्निल सकट, आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे और समर्थ पोमाजी को शामिल किया गया. पुलिस ने स्कूटी खरीदने से लेकर पुणे से सड़क मार्ग से मुंबई लाने, रुकने की जगहों और विले पार्ले स्टेशन के बाहर पार्क करने तक के हर सीन को दोहराया.

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि स्कूटी मुंबई पहुंचने के बाद मुख्य आरोपी शुभम लोंकर ने उन्हें 11 हजार रुपए और दिए. पहले पुलिस ने 40 हजार रुपए की बात कही थी, लेकिन जांच में कुल 51 हजार रुपए (30 हजार स्कूटी के लिए, 21 हजार खर्च) सामने आए. इस रीक्रिएशन की पूरी वीडियोग्राफी की गई, जो कोर्ट में पेश की जाएगी.

सूत्रों के अनुसार, छठे आरोपी प्रवीण लोनकर की जेल से 2-3 दिनों में हिरासत ली जाएगी. मुख्य शूटर और उसका साथी अभी फरार हैं, उनकी तलाश जारी है. पुलिस ने मामले में आरोपियों पर मकोका एक्ट लगाया है और जांच तेज कर दी है.

Leave a Comment