
नई दिल्ली, 7 मार्च: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की भिड़ंत न्यूजीलैंड से 8 मार्च को होगी. यह महत्वपूर्ण मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. भारतीय टीम ने चौथी बार और लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है, जबकि न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरी बार फाइनल में प्रवेश किया है.
टी20 इंटरनेशनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 30 मैच खेले गए हैं. इनमें से भारत ने 16 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड ने 11 मैचों में जीत हासिल की है. हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक कोई भी मैच नहीं जीता है. दोनों टीमों के बीच टी20 विश्व कप में 3 मुकाबले हुए हैं, और सभी में जीत न्यूजीलैंड के हिस्से में आई है.
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई. इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए. संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन जोड़े. इंग्लैंड की टीम 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी.
फाइनल में भारत के पास न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका है. टी20 विश्व कप में अब तक कोई भी टीम लगातार दो बार खिताब नहीं जीत सकी है. दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया. साउथ अफ्रीका द्वारा दिए गए 170 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने केवल एक विकेट खोकर 12.5 ओवर में हासिल कर लिया. फिन एलन ने 33 गेंदों में 100 रन बनाकर टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया.
हालांकि, न्यूजीलैंड के मध्यक्रम का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं रहा है. डेरिल मिचेल और मार्क चैपमेन रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं. गेंदबाजी में रचिन रविंद्र ने 11 विकेट लिए हैं, जबकि मैट हेनरी ने नई गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया है.