प्रधानमंत्री मोदी का पश्चिम बंगाल के मतदाताओं के नाम पत्र

नई दिल्ली, 23 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं के लिए एक पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने ‘एबार भाजपा सरकार’ का नारा देते हुए ममता बनर्जी पर निशाना साधा है. पीएम मोदी ने कहा कि सोनार बंगाल का सपना देखने वाला हर व्यक्ति दुखी है और माताएं-बहनें आज सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं.

पत्र में पीएम मोदी ने लिखा, “जय मां काली… अब बस कुछ ही महीने में पश्चिम बंगाल का भाग्य तय हो जाएगा. आने वाली पीढ़ी का भविष्य आपके निर्णय पर निर्भर करता है. मेरे सोनार बंगाल के सपने देखने वाले हर एक व्यक्ति की पीड़ा से मेरा हृदय व्यथित है. मैंने पश्चिम बंगाल को ‘विकसित’ और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है. पिछले 11 वर्षों में मेरी सरकार ने जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता दी है.”

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, “राज्य सरकार के असहयोग के बावजूद, आज पश्चिम बंगाल के करीब 5 करोड़ लोग ‘जन-धन योजना’ के तहत बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं. ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत 85 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है. हमने छोटे व्यापारियों को 2.82 लाख करोड़ रुपये का लोन दिया है. ‘अटल पेंशन योजना’ के तहत 56 लाख वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाया गया है. ‘उज्ज्वला योजना’ से 1 करोड़ से अधिक परिवारों को रसोई गैस मिली है.”

मोदी ने कहा, “स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल देश की अर्थव्यवस्था में अग्रणी था, लेकिन आज इसकी हालत देखकर मन व्यथित होता है. पिछले छह दशकों के कुशासन और तुष्टिकरण ने राज्य को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है. रोजगार के अभाव में युवा पलायन कर रहे हैं और माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं हैं.”

उन्होंने कहा, “स्वामी विवेकानंद और ऋषि अरविंद का सपना आज वोट-बैंक की राजनीति में खो गया है. नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भूमि आज अवैध घुसपैठ और हिंसा से कलंकित है. लेकिन कब तक हम चुप रहेंगे? अब परिवर्तन अनिवार्य है. पश्चिम बंगाल को भी विकास का पूरा हक है.”

Leave a Comment