
नई दिल्ली, 23 मार्च: लोकसभा में पीएम मोदी के बयान पर एआईसीसी महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने ताजा हालात के बारे में देश को अवगत कराया है. उन्होंने ज्यादा नई बातें नहीं कही हैं. चर्चा के लिए जो नोटिस दिया गया है, उस पर चर्चा होनी चाहिए. सभी पक्षों को सामने आना चाहिए.
कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे ने कहा कि हमने चर्चा की मांग की थी, लेकिन ruling party हमें चर्चा का अवसर नहीं दे रही है. प्रधानमंत्री ने पढ़कर बयान दिया है और आरोप लगाया कि यह बयान जमीनी स्तर से काफी डिस्कनेक्ट था. उन्होंने कहा कि एलपीजी की कमी है और इसके बारे में कोई योजना नहीं बताई गई. किसानों के हजारों टन फल होर्मुज स्ट्रेट में अटके हुए हैं, जिससे किसान संकट में हैं.
राजद सांसद मनोज झा ने पीएम मोदी के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को इतना वक्त लग गया. कितनी चीजों पर पर्दा डाला जाएगा? ईरान के स्कूल पर हमला हुआ, लेकिन इस पर कुछ नहीं कहा गया. विपक्ष को पैनिक के लिए दोषी ठहराया गया. उन्होंने कहा कि आज स्वीकार करना चाहिए था, यह पहले होना चाहिए था.
भाजपा सांसद एसपी सिंह बघेल ने कहा कि पश्चिम एशिया के संकट पर हरदीप पुरी और विदेश मंत्री जयशंकर ने समय-समय पर वक्तव्य दिए हैं. आज पीएम मोदी ने लोकसभा में पश्चिम एशिया संकट पर भारत की भूमिका और समसामयिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की. पीएम मोदी ने ऊर्जा संकट को दूर करने के लिए विकल्प खोजने पर जोर दिया.
पीएम मोदी ने कहा कि जहां तक डिप्लोमेसी की बात है, भारत की भूमिका स्पष्ट है. हमने इस संघर्ष को लेकर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है. मैंने सभी संबंधित नेताओं से बातचीत की है और तनाव कम करने तथा संघर्ष समाप्त करने का आग्रह किया है.