पंजाब ने एफसी गोवा को 1-1 पर रोका, 10 खिलाड़ियों के साथ किया शानदार प्रदर्शन

नई दिल्ली, मार्च 17: इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में पंजाब एफसी ने 10 खिलाड़ियों के साथ एफसी गोवा को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में एफसी गोवा ने अजेय अभियान जारी रखा है. वे अब नौ अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर हैं, जबकि पंजाब एफसी पांच अंकों के साथ आठवें स्थान पर है. एफसी गोवा के डेजान ड्राजिक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

पंजाब ने मैच की शुरुआत में गेंद पर कब्जा बनाए रखा और दोनों फ्लैंक से दबाव बनाया. लेफ्ट-बैक मुहम्मद उवैस ने कई खतरनाक क्रॉस दिए. 15वें मिनट में मेजबान टीम ने गोल पर पहला शॉट लगाया. डानी रामिरेज के कॉर्नर किक पर उवैस ने हेडर लगाया, जिसे एफसी गोवा के गोलकीपर ऋतिक तिवारी ने सुरक्षित रूप से लपक लिया.

पंजाब एफसी ने मैच की गति पर नियंत्रण बनाए रखा, जिसका इनाम 27वें मिनट में मिला. मिडफील्ड से शुरू हुई एक चाल के दौरान गेंद मंगलेंथांग किपगेन के पास पहुंची. उन्होंने न्सुंगुसी जूनियर एफियोंग को एक सटीक ‘थ्रू-बॉल’ पास दिया. स्ट्राइकर ने अपने पहले टच में गोल के ऊपरी कोने में गेंद को पहुंचा दिया और पंजाब को बढ़त दिला दी.

पहले हाफ के अंतिम पलों में भी पंजाब ने दबाव बनाए रखा. 37वें मिनट में रामिरेज ने लंबी दूरी से शॉट लगाया, जबकि न्सुंगुसी जूनियर के शॉट को गोलकीपर ने लपक लिया. किपगेन ने भी अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन उनका शॉट गोल के निशाने पर नहीं लगा. एफसी गोवा को हाफ के ज्यादातर समय तक अपनी डिफेंस लाइन क्लियर करने में मुश्किल हुई, लेकिन स्टॉपेज टाइम में वे बराबरी के करीब पहुंचे. संदेश झिंगन ने ड्राजिक के क्रॉस पर हेडर लगाया, जो गोल से थोड़ा बाहर चला गया.

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही मैच ने नाटकीय मोड़ लिया. मुकाबला दोबारा शुरू होने के तीन मिनट बाद, पंजाब की टीम 10 खिलाड़ियों तक सिमट गई. गोल करने वाले खिलाड़ी न्सुंगुसी जूनियर को रेड कार्ड दिखा दिया गया. एफसी गोवा ने जल्द ही इसका फायदा उठाया. 53वें मिनट में, ब्रिसन फर्नांडिस ने गेंद ड्राजिक को पास की. ड्राजिक ने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट लगाया, जो गोल के निचले कोने में जा लगा और मेहमान टीम को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया.

गोवा लगातार हमले करता रहा. 60वें मिनट में उदांता सिंह का हेडर कॉर्नर से थोड़ा ऊपर चला गया. 71वें मिनट में, पंजाब के सब्स्टीट्यूट स्ट्राइकर बेडे ओसुजी ने किपजेन के लिए मौका बनाया, लेकिन मिडफील्डर के शॉट में ताकत की कमी थी. मैच के आखिरी पलों में गोवा जीत का गोल तलाशता रहा. 79वें मिनट में मोहम्मद यासिर के हेडर को अर्शदीप सिंह ने बचा लिया. पंजाब ने स्टॉपेज टाइम में मजबूती से बचाव किया और अर्शदीप ने ब्रिसन फर्नांडिस के आखिरी शॉट को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया.

Leave a Comment