कानून व्यवस्था पर उठे सवाल, महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की गई

लखनऊ, 13 फरवरी: उत्तर प्रदेश के विधानसभा बजट सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था पर सरकार की पीठ थपथपाई. इस पर विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडे ने कहा कि सीएम का जवाब संतोषजनक नहीं था.

माता प्रसाद पांडे ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई महिला सड़क पर चलती है, तो उसके साथ चेन स्नैचिंग की वारदात हो जाती है. उन्होंने लोकायुक्त रिपोर्ट का भी जिक्र किया और कहा कि यदि रिपोर्ट आई है, तो उसकी जानकारी नहीं दी गई.

नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा में कहा कि 262 एनकाउंटर हुए हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रथा संविधान में नहीं है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे शुरू किया. आने वाली सरकारों पर इस परंपरा को जारी रखने का दबाव होगा.

पांडे ने कहा कि लोग भ्रष्टाचार से परेशान हैं, लेकिन इस पर कोई चर्चा नहीं हो रही है. चाहे तहसील स्तर का भ्रष्टाचार हो या अन्य, पूरा प्रदेश इससे प्रभावित है.

समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य के बारे में गलत भाषा का इस्तेमाल किया. वे 11 दिन से धरने पर थे, लेकिन किसी ने बात नहीं की.

कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि वंदे मातरम का कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सम्मान किया है. उन्होंने विधानसभा में सड़क दुर्घटनाओं और सड़क सुरक्षा की गंभीर स्थिति का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि यह केवल मानवीय भूल नहीं, बल्कि व्यवस्थागत सुधार की मांग करता है.

डीकेएम/डीकेपी

Leave a Comment