रामपुर ने हासिल की शत प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने की उपलब्धि

लखनऊ, 18 मार्च: उत्तर प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री (फार्मर आईडी) बनाने का अभियान चलाया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 जनवरी से इस अभियान को शुरू करने के निर्देश दिए थे, जो 31 मार्च तक चलेगा.

रामपुर जिला प्रशासन ने निर्धारित लक्ष्य से पहले ही किसानों की 100 प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य पूरा कर लिया है. इसके साथ ही, रामपुर ने पूरे प्रदेश में शत प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने में पहला स्थान प्राप्त किया है. गाजियाबाद दूसरे और अंबेडकरनगर तीसरे स्थान पर हैं.

उत्तर प्रदेश में 2,88,70,495 किसानों की फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य है. अब तक 1,99,42,798 फार्मर रजिस्ट्री बनायी जा चुकी है. रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार जिले में शत प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत किसानों को जागरूक करने के लिए गोष्ठियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, होर्डिंग्स और ग्राम पंचायत स्तर पर चौपाल का आयोजन किया गया.

प्रचार के लिए वॉल पेंटिंग और प्रचार वाहन का भी उपयोग किया गया. राजस्व, कृषि, पंचायती राज, ग्राम्य विकास और गन्ना विभाग के कर्मचारियों को अन्नदाताओं के घर-घर जाकर फार्मर आईडी बनाने के निर्देश दिए गए. जिलाधिकारी ने बताया कि वह हर सप्ताह अभियान की समीक्षा करते हैं. इस दौरान अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया, जबकि कम प्रगति वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

जिलाधिकारी ने बताया कि रामपुर का कुल लक्ष्य 2,09,828 फार्मर रजिस्ट्री था, जिसे 17 मार्च तक पूरा कर लिया गया. इससे पहले, रामपुर ने प्रदेश में पहले 50 प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री को पूर्ण कर पहला पुरस्कार भी प्राप्त किया था.

गाजियाबाद ने 38,909 के लक्ष्य के सापेक्ष 36,598 फार्मर आईडी बनाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि अंबेडकरनगर ने 3,42,847 के लक्ष्य के सापेक्ष 3,10,145 फार्मर आईडी बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया है. टॉप टेन में औरैया, बाराबंकी, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, मीरजापुर और बिजनौर भी शामिल हैं.

फार्मर रजिस्ट्री के लाभों में किसान सम्मान निधि योजना का लाभ, उर्वरक की सुविधाजनक प्राप्ति, किसान क्रेडिट कार्ड के लिए अभिलेखों की बाध्यता का समाप्त होना, और डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से एमएसपी पर उत्पादों की बिक्री में सुविधा शामिल है.

Leave a Comment