
हाथरस, 3 मार्च: उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में 3 महिलाएं और 3 पुरुष सहित 6 लोगों की मौत हो गई. इस दुर्घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं.
जानकारी के अनुसार, ईको गाड़ी संख्या डीएल 9सी बीई 9852 में सवार लोग दिल्ली के प्रेम नगर से धौलपुर (राजस्थान) जा रहे थे. इसी दौरान, पीछे से आ रही बस संख्या बीआर 06 पीजी 7942 ने ईको वैन को टक्कर मार दी. हादसे में 3 महिलाओं और 3 पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा, 3 छोटे बच्चे और 3 अन्य व्यक्ति (दो पुरुष और एक महिला) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस, क्षेत्राधिकारी सादाबाद और प्रभारी निरीक्षक सादाबाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को उपचार के लिए सीएचसी खंदौली तथा एस.एन. मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया. राहत की बात यह है कि घायल बच्चों में से दो की हालत अब सामान्य बताई जा रही है.
घायलों में मनोज कुमार (25) निवासी बाजना थाना राजाखेड़ा, धौलपुर, उनकी पत्नी रानी (32) और चार वर्षीय पुत्र जयदीप शामिल हैं. मृतकों में दिनेश कुमार (45) एवं उनकी पत्नी सुनीता (40) निवासी गांगोली थाना राजाखेड़ा, धौलपुर की पहचान हो चुकी है. परिजनों को सूचना दे दी गई है. बाकी बचे लोगों की पुलिस शिनाख्त कर रही है.
पुलिस के अनुसार, ईको चालक सुरक्षित है. सभी यात्री एक ही परिवार के नहीं थे, बल्कि अलग-अलग स्थानों से सवार हुए थे. फिलहाल, मौके पर कानून व्यवस्था सामान्य है और पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब चार बजे 141 माइलस्टोन के पास हरियागढ़ी के निकट हुआ, जब एक ईको वैन में पीछे से आ रही डबल डेकर बस ने जोरदार टक्कर मार दी.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही हमें हादसे की सूचना मिली, पुलिस प्रशासन एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचा. ईको वैन में 13 लोग सवार थे. इलाज के दौरान 6 लोगों की मौत हो गई है. ईको वैन ड्राइवर से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की सही जानकारी मिल पाएगी.