करूर भगदड़ मामले में सेंथिल बालाजी ने सीबीआई को दिए जवाब का आश्वासन

चेन्नई, मार्च 11: करूर भगदड़ को लेकर तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएमके नेता सेंथिल बालाजी ने सीबीआई द्वारा भेजे गए समन पर मीडिया में चल रही विरोधाभासी खबरों पर नाराजगी जताई है.

सेंथिल बालाजी ने एक्स पर लिखा, “करूर त्रासदी के संबंध में सीबीआई द्वारा जारी समन को लेकर कुछ मीडिया आउटलेट्स में विरोधाभासी खबरें सामने आई हैं. सीबीआई ने मुझे 17 मार्च को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है. मैं वहां जाऊंगा और उनके सवालों के उचित जवाब दूंगा.”

ज्ञात हो कि 27 सितंबर 2025 को करूर जिले में अभिनेता-राजनेता विजय की ‘तमिलागा वेत्री कज़गम’ पार्टी की रैली में भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे. Supreme Court ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है. इस जांच की निगरानी Supreme Court के रिटायर्ड जज अजय रस्तोगी की अध्यक्षता वाली एक सुपरवाइजरी कमेटी कर रही है.

अभिनेता विजय ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 20 लाख रुपये की सहायता राशि दी थी और कुछ परिवारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात भी की थी. बताया जाता है कि रैली में अनुमान से अधिक लोग पहुंचे थे, जिससे अव्यवस्था फैली और हादसा हुआ.

विजय तीन दशकों से अधिक समय से तमिल सिनेमा के एक प्रतिष्ठित कलाकार हैं. उन्होंने 2024 में टीवीके पार्टी की शुरुआत की थी. विजय ने तमिल सिनेमा में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी और सामाजिक विषयों पर बनी फिल्मों ने उन्हें असली पहचान दिलाई. फैंस विजय को प्यार से ‘थलापति’ बुलाते हैं.

Leave a Comment