उत्तम नगर में होली के दौरान विवाद, युवक की हत्या के बाद सात गिरफ्तार

नई दिल्ली, 8 मार्च: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान एक मामूली घटना ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे एक युवक की जान चली गई. द्वारका जिला पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें छह वयस्क और एक नाबालिग शामिल हैं. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए इलाके में शांति बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है.

घटना 4 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे हुई, जब उत्तम नगर थाना क्षेत्र में दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद शुरू हुआ. एक 11 साल की बच्ची ने होली खेलते समय पानी से भरा गुब्बारा फेंका, जो गलती से पड़ोस की एक महिला पर गिर गया.

इस पर दोनों पक्षों में बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई. सड़क पर इकट्ठा हुए लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिसमें कुल आठ लोग घायल हुए. ज्यादातर घायलों को उसी दिन अस्पताल से छुट्टी मिल गई, लेकिन एक युवक तरुण (26 वर्ष) की चोटें गंभीर थीं.

तरुण को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 5 मार्च की दोपहर उनकी मौत हो गई. प्रारंभ में पुलिस ने झगड़े के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 110/3(5) के तहत मामला दर्ज किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया. मौत के बाद धारा 103(1) (हत्या) जोड़ दी गई. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुल सात लोगों को पकड़ा.

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवार राजस्थान मूल के हैं और पिछले कई दशकों से पड़ोसी हैं. इनके बीच पार्किंग और कचरा फेंकने जैसी छोटी-मोटी बातों पर पहले से मतभेद चल रहे थे. इस घटना को कुछ असामाजिक तत्वों ने अलग रंग देने की कोशिश की, जिससे तनाव बढ़ा. हालांकि, पुलिस ने इसे सांप्रदायिक रंग देने से इनकार किया और इसे दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश का नतीजा बताया.

द्वारका के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस कुशल पाल सिंह ने कहा कि इलाके में लगातार पेट्रोलिंग हो रही है. क्षेत्र को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटकर निगरानी बढ़ाई गई है.

Leave a Comment