कांग्रेस पर शहजाद पूनावाला की तीखी टिप्पणी

पुणे, 15 फरवरी: महाराष्ट्र के पुणे में भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर कड़ी टिप्पणी की. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मोबाइल फोन और ऑटोमोबाइल फैक्ट्रियां तो हैं, लेकिन कांग्रेस ‘झूठ की फैक्ट्री’ चला रही है और राहुल गांधी ‘झूठों के नवाब’ हैं.

पूनावाला ने कहा कि झूठ बोलना राहुल गांधी की आदत बन चुकी है और Supreme Court ने कई मामलों में उन्हें फटकार लगाई है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वीर सावरकर और सेना के बारे में गलत बयान दिए, जिस पर अदालत ने आपत्ति जताई.

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि अब किसानों को डराने और गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, जबकि भारत-अमेरिका और भारत-यूरोप व्यापार समझौतों में किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित रखे गए हैं.

टीपू सुल्तान मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए पूनावाला ने कहा कि पहले देश में बाबर और औरंगजेब के प्रशंसक समूहों की चर्चा होती थी, लेकिन अब तुष्टिकरण की राजनीति के तहत ‘टीपू समर्थक क्लब’ सामने आया है. उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष ने टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की, जिस पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पूनावाला ने मांग की कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी बिना किसी देरी के उन्हें पद से हटाएं.

पूनावाला ने निशाना साधते हुए कहा कि एफआईआर का इंतजार न करते हुए इनको जल्द से जल्द पागलखाने में भर्ती करना चाहिए और पागलखाने के दरवाजे को बंद करके चाबी फेंक देना चाहिए.

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या टीपू सुल्तान की तुलना वीर सावरकर या छत्रपति शिवाजी महाराज से की जा सकती है. इस तरह की तुलना महाराष्ट्र और राष्ट्रभक्तों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है. पूनावाला ने कहा कि ऐसी भाषा और बयानबाजी से महाराष्ट्र की जनता नाराज है और अगर इस तरह के बयान जारी रहे तो जनता कड़ा विरोध करेगी.

Leave a Comment