
नई दिल्ली, 3 मार्च: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका की भिड़ंत न्यूजीलैंड से 4 मार्च को होगी. यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा. साउथ अफ्रीका इस टूर्नामेंट की एकमात्र टीम है, जो अब तक अजेय रही है. टी20 फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है.
क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच कुल 19 बार मुकाबला हुआ है, जिसमें से 12 बार प्रोटियाज टीम ने जीत हासिल की है. न्यूजीलैंड ने केवल 7 मैच जीते हैं. साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा है. टीम ने अब तक सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की है. कप्तान एडेन मार्करम की अगुवाई में साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 राउंड में भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है.
साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी में एडेन मार्करम बेहतरीन फॉर्म में हैं. उन्होंने 7 मैचों में 175 के स्ट्राइक रेट से 268 रन बनाए हैं. रयान रिकेल्टन भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिन्होंने 7 मैचों में 171 के स्ट्राइक रेट से 228 रन बनाये हैं. क्विंटन डी कॉक ने पावरप्ले में शानदार बल्लेबाजी की है. गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी इस विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने 6 मैचों में 12 विकेट लिए हैं. कॉर्बिन बॉश ने भी 11 विकेट निकाले हैं.
वहीं, न्यूजीलैंड की टीम भी अच्छी लय में है. टिम सीफर्ट ने 6 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से 216 रन बनाए हैं. रचिन रविंद्र बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे रहे हैं. ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाला है. गेंदबाजी में मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने अच्छा प्रदर्शन किया है.