भोपाल में होली पर रेल यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम

भोपाल, 2 मार्च: होली के त्योहार पर रेल में यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं.

होली पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा व्यापक और बहुस्तरीय भीड़ प्रबंधन योजना लागू की गई है. मंडल प्रशासन ने भोपाल जंक्शन, रानी कमलापति, इटारसी और बीना जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधा को प्राथमिकता दी है.

मंडल प्रशासन ने होली त्योहार के मद्देनजर टिकट विंडो पर सुगम टिकटिंग व्यवस्था, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की कार्यशीलता, टिकट चेकिंग स्टाफ और सुरक्षा स्टाफ की तैनाती की है. इससे अव्यवस्था या भीड़जनित दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके. होली के दौरान स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वारों पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है.

फुट ओवर ब्रिज पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टिकट जांच को मुख्य द्वारों पर केंद्रित किया गया है. रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त एस्कॉर्टिंग की व्यवस्था की गई है. कोचों की सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की गई है.

प्लेटफार्म परिवर्तन की स्थिति में पूर्व सूचना और बार-बार उद्घोषणा की व्यवस्था की गई है. सभी टिकट खिड़कियां, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें और आरक्षण काउंटर पूरी तरह से क्रियाशील हैं. लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, कोच गाइडेंस प्रणाली और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है. भोपाल रेल मंडल ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे केवल वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी यात्री सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में होली का पर्व मना सकें.

Leave a Comment