
मुंबई, 20 मार्च: महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुसैन दलवई ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि यदि जिन्ना से संबंधित लेख सिलेबस में शामिल है, तो उसे हटाना चाहिए. दलवई ने एबीवीपी की मांग को उचित बताया.
जम्मू यूनिवर्सिटी के पॉलिटिकल साइंस विभाग द्वारा जारी किए गए नए सिलेबस में मोहम्मद अली जिन्ना को शामिल करने के खिलाफ एबीवीपी ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया.
मुंबई में बातचीत के दौरान, हुसैन दलवई ने कहा, “जिन्ना ने इस देश के दो टुकड़े किए हैं. यदि उनके बारे में कोई प्रशंसा करने वाला लेख है, तो उसे हटा देना चाहिए. मुझे नहीं लगता कि एबीवीपी की मांग गलत है.”
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बयान पर दलवई ने कहा कि कांग्रेस उन्हें दरकिनार नहीं कर रही है, बल्कि वे खुद ऐसा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि थरूर भाजपा में जाने का रास्ता खोज रहे हैं और कांग्रेस ने सही स्टैंड लिया है कि उन पर ध्यान नहीं देना चाहिए.
भाजपा सांसद द्वारा राहुल गांधी पर दिए गए बयान पर दलवई ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, “जब कंगना रनौत सिनेमा में काम करती हैं, तो उन्हें डर नहीं लगता. राहुल गांधी महिलाओं के सम्मान को ठेस नहीं पहुंचा सकते, लेकिन शायद यह बात कंगना रनौत को समझ नहीं आएगी.”
विधायक टी राजा के बयान पर दलवई ने कहा कि वह सीएम फडणवीस से अपील करते हैं कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. “ऐसे लोग हिंदू-मुस्लिम के बीच दरार पैदा करते हैं. महाराष्ट्र सुकून से रहने वालों का राज्य है. यदि आप जानबूझकर ऐसा करना चाहते हैं, तो उन्हें यहां क्यों आने देते हैं?” उन्होंने पुलिस से विधायक के बयान पर कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की आवश्यकता पर जोर दिया.