
अहमदाबाद, 9 मार्च: भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया. इस जीत के बाद सूर्या ने कहा कि उन्हें अपने खिलाड़ियों की क्षमता का पूरा विश्वास है. उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह की भी सराहना की.
रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की शानदार पारियों के दम पर 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए. न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में 159 रन पर सिमट गई. इस तरह भारत ने मुकाबला 96 रन से जीत लिया.
सूर्यकुमार यादव ने कहा, “यह एक लंबा सफर रहा है. इसकी शुरुआत टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद हुई थी. जय शाह और रोहित शर्मा ने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे टीम की अगुआई करने का मौका दिया. पिछले दो वर्षों में हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे थे और हम वही अच्छी क्रिकेटिंग आदतें जारी रखना चाहते थे जो 2024 वर्ल्ड कप में थीं.”
कप्तान सूर्या ने खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा, “यह समझना बहुत जरूरी है कि खिलाड़ी क्या करने में सक्षम हैं. मुझे पता था कि उनमें मैच जिताने की क्षमता है. सही समय पर उन्होंने कमाल किया.”
खिताबी मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट निकाले. पूरे टूर्नामेंट में बुमराह ने 8 मैचों में 12.43 की औसत से 14 विकेट हासिल किए. सूर्या ने बुमराह की तारीफ करते हुए कहा, “जसप्रीत बुमराह एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाले गेंदबाज हैं. उन्हें अच्छी तरह पता है कि क्या करना है और वह अपने काम में सबसे बेहतरीन हैं.”