
मुंबई, 15 फरवरी: वानखेड़े स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप सी के मुकाबले में वेस्टइंडीज और नेपाल आमने-सामने हैं. पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए.
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया. नेपाल की शुरुआत खराब रही, और 2 रन पर पहला विकेट कुशल भुर्टेल के रूप में गिर गया. इसके बाद नेपाल की टीम लगातार विकेट गंवाती रही.
विकेटकीपर आसिफ शेख 11, कप्तान रोहित पॉडेल 5, आरिफ शेख 2, लोकेश बाम 13 और गुलशन झा 11 रन बनाकर आउट हुए. 73 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद दीपेंद्र सिंह ऐरी और सोमपाल कामी ने 7वें विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की, जिससे स्कोर 127 तक पहुंचा. दीपेंद्र ने 47 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 58 रन बनाए. सोमपाल ने 15 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद रहे. नेपाल ने अंतिम तीन ओवरों में 41 रन बनाकर 20 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन बनाए.
वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट लिए. मैथ्यू फोर्ड ने 4 ओवर में 10 रन देकर 1, शमार जोसेफ ने 4 ओवर में 38 रन देकर 1 और अकिल हुसैन ने 4 ओवर में 30 रन देकर 1 विकेट लिया. रोस्टन चेज ने 2 ओवर में 10 रन देकर 1 विकेट लिया.
इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाली नेपाल को इटली के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था. कम स्कोर के बावजूद, नेपाल इस मैच में अपसेट की कोशिश करेगी. इस मैच में हार के बाद नेपाल विश्व कप से बाहर हो जाएगी.