
कोलंबो, 21 फरवरी: टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड का पहला मुकाबला शनिवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया है.
पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है. फखर जमां को टीम में शामिल किया गया है, जो ख्वाजा नफे की जगह खेलेंगे. वहीं, न्यूजीलैंड ने अपनी अंतिम एकादश में तीन बदलाव किए हैं, जिसमें ईश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्यूसन की वापसी शामिल है.
भारत के खिलाफ मैच को छोड़कर, पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज में प्रदर्शन शानदार रहा था. टीम ने अधिक स्पिन गेंदबाजों को खिलाने का निर्णय लिया है, जो उनके पक्ष में गया है. बल्लेबाजी में साहिबजादा फरहान ने 4 मैचों में 164 के स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाकर दमदार प्रदर्शन किया है.
नामीबिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में फरहान ने शतकीय पारी खेली थी. न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में टीम बाकी बल्लेबाजों से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है. शादाब खान बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं.
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड का प्रदर्शन भी पहले दौर में शानदार रहा है. टिम सीफर्ट ने लगातार रन बनाकर टूर्नामेंट में टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं. उन्होंने 4 मैचों में 173 रन बनाए हैं. अच्छी खबर यह है कि ग्लेन फिलिप्स भी फॉर्म में लौट चुके हैं. उन्होंने कनाडा के खिलाफ 36 गेंदों में 76 रन बनाए थे. टीम को फिलिप्स से पाकिस्तान के खिलाफ आज भी धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद है.
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमां, उस्मान खान, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टिम सीफर्ट, फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमेन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन.