टी20 वर्ल्ड कप: पिच सपाट, लेकिन स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी: मिचेल सैंटनर

कोलकाता, 4 मार्च: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना साउथ अफ्रीका से 4 मार्च को होगा. इस मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नजर आ रही है, लेकिन स्पिन गेंदबाजों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. न्यूजीलैंड की टीम श्रीलंका से सीधे कोलकाता पहुंची है.

सैंटनर ने कहा कि एक दिन का अतिरिक्त आराम मिल जाता तो बेहतर होता, लेकिन खिलाड़ियों ने अच्छा अभ्यास किया है और सभी मुकाबले के लिए तैयार हैं. उन्होंने बताया कि श्रीलंका के कोलंबो और कोलकाता की परिस्थितियां भिन्न हैं, लेकिन सभी टीमें इस स्तर पर काफी क्रिकेट खेल चुकी हैं, इसलिए जल्दी ढलना आवश्यक है.

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी टीम के कई खिलाड़ी भारत में आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज खेल चुके हैं, जिससे उन्हें यहां की परिस्थितियों का अनुभव है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल अनुभव ही काफी नहीं है, बल्कि मैच के दिन परिस्थितियों के अनुसार ढलना ज्यादा महत्वपूर्ण है.

सैंटनर ने कहा कि सेमीफाइनल में पहुंचना यह दर्शाता है कि सामने वाली टीम भी मजबूत है. साउथ अफ्रीका इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही है, इसलिए मुकाबला कड़ा होगा. पिच के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले मैच में विकेट सपाट नजर आया, जो बल्लेबाजों के लिए मददगार है. फिर भी, स्पिनरों की भूमिका बनी रहेगी. तेज गेंदबाजों को भी सही लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करनी होगी. मैदान के आयाम भी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

होली के दिन खेले जाने वाले इस मुकाबले को लेकर सैंटनर ने कहा कि भारत में त्योहारों का माहौल खास होता है और उनकी टीम इस दिन अच्छा प्रदर्शन कर रंगों के इस त्योहार में और रंग भरना चाहेगी. कुल मिलाकर न्यूजीलैंड की टीम आत्मविश्वास से भरी है और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में जीत के लिए पूरी तरह तैयार है.

Leave a Comment