टी20 विश्व कप: शोएब खान का अर्धशतक, यूएई ने अफगानिस्तान को 161 रन का लक्ष्य दिया

नई दिल्ली, 16 फरवरी: अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में यूएई और अफगानिस्तान के बीच ग्रुप डी का मुकाबला चल रहा है. पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने 9 विकेट पर 160 रन बनाए हैं.

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया. यूएई की शुरुआत अच्छी नहीं रही, क्योंकि उसने अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को 13 रन पर खो दिया. आर्यांश शर्मा शून्य पर और कप्तान मुहम्मद वसीम 10 रन बनाकर आउट हुए.

यूएई की पारी को आलिशान सराफू और शोएब खान ने संभाला. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की. सराफू ने 31 गेंदों पर 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए. शोएब खान ने अर्धशतक लगाया, 48 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए. इनके अलावा, यूएई का कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. हैदर अली 13 रन बनाकर रन आउट हुए.

अफगानिस्तान की ओर से ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजाई ने बेहतरीन गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लिए. मुजीब उर रहमान ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि राशिद खान ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिया.

अफगानिस्तान की टीम टी20 विश्व कप 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है. न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्रुप स्टेज के दोनों शुरुआती मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा. यूएई द्वारा दिया गया 161 रन का लक्ष्य अफगानिस्तान की बल्लेबाजी को देखते हुए बड़ा नहीं है. अफगान टीम निश्चित रूप से इस लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करेगी.

यूएई ने अपने दो मैच न्यूजीलैंड और कनाडा के खिलाफ खेले हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे 10 विकेट से हार मिली, जबकि कनाडा के खिलाफ उसने 5 विकेट से जीत हासिल की थी.

Leave a Comment