
कोलंबो, 27 फरवरी: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए. इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. रेहान अहमद, आदिल रशीद और विल जैक्स ने मिलकर छह विकेट निकाले.
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. कीवी टीम की शुरुआत अच्छी रही. टिम सीफर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 6.6 ओवर में 64 रन जोड़े. सीफर्ट ने 25 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 35 रन बनाए. फिन एलन ने 19 गेंदों में 29 रन बनाए.
रचिन रविंद्र 11 रन बनाकर रेहान अहमद का शिकार बने. मार्क चैपमैन ने 9 गेंदों में 15 रन बनाए. डेरिल मिचेल भी सस्ते में आउट हुए. ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड की ओर से सबसे अधिक 39 रन बनाए. उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया. मिचेल सैंटनर 5 गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद रहे. कोल मैककांची ने 12 गेंदों में 14 रन का योगदान दिया. न्यूजीलैंड ने लगातार विकेट गंवाए, जिससे बड़ा स्कोर बनाने में असफल रही.
इंग्लैंड की गेंदबाजी में विल जैक्स ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए. रेहान अहमद और आदिल रशीद ने भी 2-2 विकेट चटकाए.
इंग्लैंड की टीम में कप्तान हैरी ब्रूक के साथ फिल साल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद शामिल हैं. न्यूजीलैंड की टीम में मिचेल सैंटनर के साथ टिम सीफर्ट, फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, कोल मैककांची, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्यूसन शामिल हैं.