टी20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज ने बनाए 176 रन, शेफर्ड-होल्डर की शानदार पारियां

अहमदाबाद, 26 फरवरी: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला हो रहा है. यह मैच नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 176 रन बनाए.

सुपर-8 राउंड के इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को बल्लेबाजी का न्योता दिया. कैरेबियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान शाई होप 6 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहे शिमरोन हेटमायर भी केवल 2 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने.

ब्रैंडन किंग ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह 11 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. रोवमैन पॉवेल भी 9 रन बनाकर आउट हुए. रोस्टन चेज महज 2 रन बना सके, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड 12 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश की गेंद पर कैच दे बैठे.

83 रनों पर 7 विकेट गिरने के बाद जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने मोर्चा संभाला. दोनों ने आठवें विकेट के लिए 89 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. होल्डर ने 31 गेंदों में 49 रन बनाए, जबकि शेफर्ड ने 37 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी खेली. शेफर्ड ने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए.

साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए. कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि कॉर्बिन बॉश ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए.

साउथ अफ्रीकी टीम में एडेन मार्करम, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी शामिल हैं. दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की टीम में शाई होप, ब्रैंडन किंग, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती और शमर जोसेफ शामिल हैं.

Leave a Comment