
नई दिल्ली, 7 मार्च: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से 8 मार्च को होगा. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी. आइए जानते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में भारतीय टीम का रिकॉर्ड कैसा रहा है.
आईसीसी टी20 विश्व कप के नॉकआउट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है. टीम इंडिया ने अब तक कुल 8 नॉकआउट मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 5 में जीत हासिल की है और 3 में हार का सामना करना पड़ा है. 2007 में, टीम इंडिया ने सेमीफाइनल और फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की थी.
टी20 विश्व कप 2014 में, भारतीय टीम ने सेमीफाइनल जीता, लेकिन फाइनल में श्रीलंका से हार गई. 2016 में, वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में भारत को हराया, जबकि 2022 में इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सफर समाप्त किया. हालांकि, 2024 में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में साउथ अफ्रीका को मात देकर दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता.
2026 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई है. लेकिन, इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत नहीं मिली है. दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले हुए हैं, जिनमें सभी में कीवी टीम ने जीत दर्ज की है. हालांकि, टी20 फॉर्मेट में भारत का पलड़ा भारी रहा है. भारत और न्यूजीलैंड ने कुल 30 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें भारत ने 16 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड ने 11 में जीत हासिल की है.
आईसीसी टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा जीत के मामले में टीम इंडिया दूसरे स्थान पर है. भारत ने 183 मुकाबलों में से 121 में जीत हासिल की है. इस सूची में भारत से आगे केवल ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 180 मैचों में 122 जीत दर्ज की है.