जिम्बाब्वे की ऐतिहासिक जीत पर तेंदुलकर ने की सराहना

कोलंबो, 13 फरवरी: जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें मुकाबले में 23 रन से जीत हासिल की. आर प्रेमदासा स्टेडियम में शुक्रवार को हुए इस मैच ने सभी को चौंका दिया. महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने इस जीत के लिए जिम्बाब्वे टीम और ब्लेसिंग मुजारबानी की सराहना की.

तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “जिम्बाब्वे की यह एक स्टेटमेंट जीत है. ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराना अद्भुत जज्बे को दर्शाता है. निश्चित रूप से, ब्लेसिंग अपने नाम की तरह ‘ब्लेसिंग’ साबित हुए, शानदार 4 विकेट लेकर. यह टूर्नामेंट वाकई रोमांचक होता जा रहा है.”

भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने जिम्बाब्वे की फील्डिंग की तारीफ करते हुए कहा, “जिम्बाब्वे का प्रदर्शन शानदार रहा. बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही बेहतरीन थीं, लेकिन टोनी मुनयोंगा की फील्डिंग ने विपक्षी टीम पर दबाव डाला. उन्होंने कम से कम 12-15 रन बचाए और डीप मिड विकेट पर एक शानदार कैच लेकर मैच खत्म किया. जब ग्राउंड का साइज सही होता है, तो क्रिकेटिंग स्किल्स सच में सामने आती हैं.”

इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 169 रन बनाए. ब्रायन बेनेट ने 56 गेंदों में 64 रन की नाबाद पारी खेली. रयान बर्ल और तदिवानाशे मारुमानी ने 35-35 रन का योगदान दिया.

ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.3 ओवरों में 146 रन पर सिमट गई. मैट रेनेशॉ ने 44 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 65 रन बनाए, जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 31 रन का योगदान दिया. जिम्बाब्वे की तरफ से ब्लेसिंग मुजारबानी ने 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट निकाले.

जिम्बाब्वे की यह लगातार दूसरी जीत है, जिससे वह ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, ऑस्ट्रेलिया 2 में से 1 मैच हारकर तीसरे स्थान पर है.

Leave a Comment