
नई दिल्ली, 1 मार्च: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच मुकाबला होगा. यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच का समय दोपहर 3:00 बजे से रात 8:00 बजे तक है. दर्शकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक लागू रहेगी. सुरक्षा और आम जनता की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंधों की घोषणा की है.
आवश्यकता के अनुसार, बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर यातायात डायवर्जन किया जाएगा. दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. दर्शकों की आवाजाही के दौरान इन सड़कों से बचने की सलाह दी गई है.
जेएलएन मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट राउंडअबाउट तक), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक), और बहादुरशाह जफर मार्ग (दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक) पर संभावित भारी ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है.
साउथ अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुकी है. प्रोटियाज टीम ने सुपर-8 राउंड के अपने पहले दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है. पहले मैच में टीम ने भारत को 76 रनों से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया.
दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है. ऐसे में जिम्बाब्वे जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी. टी20 फॉर्मेट में जिम्बाब्वे ने आज तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत नहीं दर्ज की है.