
वॉशिंगटन, 14 मार्च: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर से अमेरिकी मीडिया की कवरेज़ से नाखुश नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सरकार की कार्रवाई से फेक न्यूज मीडिया असंतुष्ट है. ट्रंप ने यह भी बताया कि ईरान अमेरिका के साथ समझौता करना चाहता है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, “फेक न्यूज मीडिया को यह रिपोर्ट करना पसंद नहीं है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ कितना अच्छा काम किया है. ईरान पूरी तरह से हार चुका है और एक डील चाहता है, लेकिन ऐसी डील नहीं, जिसे मैं मानूंगा.”
ट्रंप ने पहले भी कहा था कि ईरान पूरी तरह से खत्म हो रहा है. उन्होंने ईरान के खिलाफ अपनी जीत का दावा करते हुए कहा, “युद्ध के मोर्चे पर हमारे पास बहुत अच्छी खबर है. ईरान पूरी तरह से खत्म हो रहा है. उनके पास कोई नौसेना नहीं है, कोई एयर फोर्स नहीं है, और कोई एंटी-एयर ट्रैफिक नहीं है. हम उस देश पर आजादी से घूम रहे हैं.”
उन्होंने यह भी कहा, “अब हम संघर्ष पर बहुत ध्यान देंगे. सबसे जरूरी बात यह है कि हमें इसे जीतना है. ज्यादातर लोग कहते हैं कि यह पहले ही जीत लिया गया है. बस सवाल यह है कि हम कब रुकेंगे?”
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका एक घंटे में ईरान की विद्युत क्षमता को नष्ट कर सकता है. उन्होंने कहा, “हम तेहरान और दूसरी जगहों पर हमला कर सकते हैं, लेकिन ऐसा करने से उनके लिए अपने देश को फिर से बनाना लगभग नामुमकिन हो जाएगा. हम एक घंटे में उनकी इलेक्ट्रिक क्षमता खत्म कर सकते हैं और उन्हें इसे फिर से बनाने में 25 साल लगेंगे.”
–