हावड़ा में इमारत से लोहे की रॉड गिरने से दो की मौत

कोलकाता, 10 फरवरी: पश्चिम बंगाल के हावड़ा शहर में मंगलवार को एक दुखद घटना में दो लोगों की जान चली गई. हावड़ा नगर निगम से सटी एक बहुमंजिला इमारत से भारी लोहे की रॉड गिरने से दोनों की हालत गंभीर हो गई, और उन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया.

यह हादसा मंगलवार दोपहर उस समय हुआ, जब इमारत में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था. मृतकों की पहचान शेख इरफान और खोकन के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, सुबह से ही इमारत की सीढ़ियों के पास लोहे की रॉड की वेल्डिंग का काम किया जा रहा था. अचानक एक भारी रॉड नीचे गिर गई, जबकि इमारत के नीचे कई लोग मौजूद थे.

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस ट्रेड सेंटर में कई व्यापारी अपना सामान रखते हैं. हादसे के दिन हावड़ा के मंगलाहाट में बाजार लगा हुआ था. टोपी व्यापारी शेख इरफान अपने दोस्त खोकन के साथ सामान रखने के लिए इमारत में पहुंचे थे, तभी ऊपर से गिरी लोहे की रॉड उनके सिर पर आ गिरी.

दोनों को गंभीर हालत में हावड़ा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर हावड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने इमारत की छत पर पहुंचकर लोहे की रॉड और अन्य निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी पाई.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के किया जा रहा था. न तो कोई सेफ्टी नेट लगाया गया था और न ही अन्य सुरक्षा उपाय मौजूद थे.

मृतक शेख इरफान के भाई शेख इस्लाम ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम सामान रखने आए थे, मैं भी वहीं मौजूद था. अचानक ऊपर से लोहे की रॉड मेरे भाई और खोकन के सिर पर गिर गई. ऊपर काम कर रहे मजदूर सिर्फ झांकते रहे, कोई मदद के लिए नहीं आया. करीब 20 मिनट बाद पुलिस पहुंची, तब उन्हें अस्पताल ले जाया गया.”

उन्होंने सवाल उठाया कि बिना सुरक्षा उपायों के छत पर काम कैसे कराया जा रहा था.

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Comment