यूके के मंत्री कनिष्क नारायण का 20 साल बाद बिहार दौरा

पटना, 21 फरवरी: यूनाइटेड किंगडम के एआई मंत्री कनिष्क नारायण ने बिहार का दौरा किया है. वे लगभग 20 साल के बाद अपने जन्मस्थान मुजफ्फरपुर पहुंचे हैं. शुक्रवार सुबह पटना पहुंचने पर उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा से मुलाकात की.

कनिष्क नारायण ने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “बिहार में आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है. मेरा जन्म यहीं हुआ था और 20 साल बाद मैं यहां वापस आया हूं. आप यहां हुई प्रगति को देख सकते हैं. हम प्रौद्योगिकी के भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं, यही हम ब्रिटेन में एआई के क्षेत्र में भी कर रहे हैं.”

संजय झा ने मुजफ्फरपुर के निवासी कनिष्क नारायण का अपने पटना स्थित आवास पर स्वागत किया. उन्होंने कहा, “कनिष्क नारायण यूके में मंत्री हैं, लेकिन वे बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं. वे 20 साल बाद मुजफ्फरपुर लौट रहे हैं.”

संजय झा ने बताया कि दोपहर में बिहार सरकार के अधिकारियों के साथ कनिष्क नारायण की मुलाकात होगी. इससे एआई क्षेत्र में बिहार और यूके सरकार के बीच बातचीत बढ़ने की संभावना है.

जदयू सांसद ने कहा, “आज सब कुछ ग्लोबल हो गया है और बिहार टेक्नोलॉजी के साथ मुकाबला कर रहा है. हम हर सेक्टर में अच्छा कर रहे हैं. बिहार में अब चीजें बदल गई हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां प्लेटफॉर्म तैयार किया है. अब आप जितनी ऊंची उड़ान भरना चाहें, भर सकते हैं. एआई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हेल्थ, एग्रीकल्चर और सर्विसेज में किया जा सकता है. बिहार एक एग्रीकल्चरल स्टेट है. मेरा मानना है कि भविष्य में बिहार किसी भी अन्य राज्य से कम नहीं होगा.”

Leave a Comment