
कानपुर, 27 फरवरी: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता का निधन शुक्रवार को नोएडा के एक निजी अस्पताल में हो गया. उनके निधन पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने शोक व्यक्त किया है.
प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा, “रिंकू सिंह के पिता का असामयिक निधन बेहद दुखद है. उनकी उम्र ज्यादा नहीं थी. वह कैंसर से पीड़ित थे. ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और पूरे परिवार को दुख सहने की शक्ति दे. यूपीसीए के सभी सदस्य इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “मेरी उनसे कोई बात नहीं हुई है. शांति पाठ या तेरहवीं जिस दिन होगी, उस दिन हम सभी जाएंगे और उनसे मुलाकात करेंगे. यह क्षति अपूरणीय है, लेकिन खेल के क्षेत्र से संबंधित लोगों की मानसिक स्थिति मजबूत होती है. इसलिए मुझे उम्मीद है कि रिंकू बहुत जल्द इस दुख से उबर जाएंगे.”
गुप्ता ने बताया, “परिवार में खुशियों का समय चल रहा था. उनकी शादी तय हुई है. वह आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं.”
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने भी रिंकू सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा, “मैं इस मुश्किल समय में बीसीसीआई की तरफ से रिंकू सिंह और उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.”
रिंकू के पिता, खानचंद सिंह, लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. तबियत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था. शुक्रवार की सुबह 4:36 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.
टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का हिस्सा रिंकू, जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार को चेन्नई में हुए मैच से पहले अपने इलाजरत पिता को देखने के लिए नोएडा आए थे. मैच से पहले वह टीम से जुड़े थे. हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था.