
अहमदाबाद, 9 मार्च: न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत के खिलाफ 96 रन से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ कीवी टीम ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने का अवसर खो दिया. न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने इस हार के बावजूद अपनी टीम पर गर्व जताया है.
रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 255 रन बनाए. इसके जवाब में कीवी टीम 19 ओवरों में केवल 159 रन पर सिमट गई.
खिताब जीतने का मौका गंवाने के बाद मिचेल सेंटनर ने कहा, “यहां तक पहुंचने पर मुझे अपने खिलाड़ियों पर गर्व है. पूरे टूर्नामेंट में हमें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन हर चरण में हमने अच्छा प्रदर्शन किया. हालांकि, आज रात हम एक बेहतरीन टीम के खिलाफ, शानदार दर्शकों के सामने हार गए. फिर भी मुझे अपनी टीम पर गर्व है.”
भारत में न्यूजीलैंड टीम को मिले समर्थन पर सेंटनर ने कहा, “हम जहां भी खेलते हैं, वहां शानदार भीड़ होती है. आज मैदान में नीले रंग का समंदर दिखाई दे रहा था. जाहिर है, हम घरेलू पसंदीदा नहीं थे, लेकिन भारत को अपने घरेलू मैदान पर खिताब जीतने का श्रेय मिलना चाहिए. यहां जीतना हमेशा दबाव के साथ आता है. मुझे लगता है कि सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम को अपने प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए.”
जब सेंटनर से पूछा गया कि टूर्नामेंट में उनकी टीम के लिए क्या अच्छा रहा, तो उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अलग-अलग मौकों पर विभिन्न खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभाली. हर चरण में हमें चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनसे पार पाना अच्छा रहा. सुपर-8 और सेमीफाइनल में हमने अच्छा प्रदर्शन किया. हालांकि, आज हमें बेहतर टीम ने मात दी, लेकिन फिर भी खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए.”
–
आरएसजी