इंग्लैंड की जीत में विल जैक्स और रेहान अहमद की अहम भूमिका

कोलंबो, 28 फरवरी: इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. सुपर-8 राउंड के इस मुकाबले में इंग्लिश टीम एक समय पर हार की कगार पर थी. लेकिन, विल जैक्स और रेहान अहमद ने मिलकर 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाई और मैच को पलट दिया. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने इन दोनों बल्लेबाजों की जमकर सराहना की.

गेंदबाजी में 2 विकेट लेने के बाद, विल जैक्स ने 18 गेंदों में 32 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था. वहीं, रेहान ने 7 गेंदों में 19 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई.

सुपर-8 राउंड के लगातार तीसरे मैच में मिली इस जीत से हैरी ब्रूक गदगद नजर आए. उन्होंने कहा, “हमने नेट्स में रेहान को देखा है. वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर जीत को न्यूजीलैंड से छीन लिया. विल जैक्स ने चौथी बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीता, जो सबसे ज्यादा है.”

इंग्लैंड ने इस मैच के लिए जेमी ओवरटन को बाहर बैठाकर रेहान अहमद को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया. ब्रूक ने कहा कि हमने टूर्नामेंट की शुरुआत से सभी खिलाड़ियों को बताया था कि हम परिस्थितियों के हिसाब से टीम का चुनाव करेंगे. न्यूजीलैंड के खिलाफ रेहान को मौका देना सही था और उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया.

न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. फिल साल्ट 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोस बटलर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. कप्तान ब्रूक ने 26 रन बनाए, जबकि जैकब बेथेल ने 21 रन का योगदान दिया. टॉम बैंटन ने 24 गेंदों में 33 रनों की अहम पारी खेली और सैम करन ने 24 रन बनाए. इंग्लैंड 117 रनों पर 6 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रहा था.

हालांकि, विल जैक्स और रेहान अहमद की महत्वपूर्ण साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया. जैक्स और रेहान ने सातवें विकेट के लिए सिर्फ 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाई, जिससे इंग्लैंड ने 3 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

Leave a Comment