मृणाल ठाकुर की ‘लव सोनिया’ के 9 अनदेखे सीन 20 मार्च को होंगे रिलीज

मुंबई, 19 मार्च: टीवी और फिल्मों में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाली मृणाल ठाकुर ने फिल्म ‘लव सोनिया’ से बॉलीवुड में कदम रखा. इस फिल्म में मृणाल ने सोनिया नाम की लड़की का किरदार निभाया, जो अपनी बहन को तस्करी से बचाने के लिए खुद को मुश्किल में डाल देती है.

मृणाल को इस फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए काफी सराहना मिली. अब, अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर जानकारी दी है कि फिल्म के 9 अनदेखे सीन रिलीज किए जाएंगे.

उन्होंने फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “दस साल पहले मैंने पहली बार किसी फिल्म के सेट पर कदम रखा था. यह मेरे लिए एक सपना था, एक नई शुरुआत और ऐसी जिंदगी की शुरुआत, जिसकी मैंने कभी कल्पना नहीं की थी. इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी.”

मृणाल ने बताया कि ये नौ अनदेखे सीन शुक्रवार सुबह 10 बजे यूट्यूब पर प्रीमियर किए जाएंगे.

तबरेज नूरानी द्वारा निर्देशित ‘लव सोनिया’ 2018 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में मृणाल के अलावा मनोज बाजपेयी, ऋचा चड्ढा, फ्रीडा पिंटो, राजकुमार राव, आदिल हुसैन, अनुपम खेर और डेमी मूर जैसे कलाकार शामिल थे. फिल्म ने मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दे पर प्रकाश डाला.

फिल्म की कहानी दो बहनों के इर्द-गिर्द घूमती है. इसमें कर्ज में डूबा पिता एक बेटी को बेच देता है, जबकि दूसरी (सोनिया) उसे बचाने की कोशिश में खुद मुंबई के रेड-लाइट एरिया और मानव तस्करी के खतरनाक जाल में फंस जाती है.

मृणाल जल्द ही फिल्म ‘डकैत: एक प्रेम कथा’ में भी नजर आएंगी. शेनिल देव द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक प्रेमी युगल की कहानी है, जहां युवक प्रेमिका से मिले धोखे के बाद बदले की राह चुनता है. यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Leave a Comment