अजय देवगन ने फिल्म रेड के 8 साल पूरे होने का जश्न मनाया

मुंबई, 16 मार्च: मनोरंजन जगत में अक्सर असली घटनाओं पर आधारित फिल्में बनाई जाती हैं, ताकि दर्शक उन सच्ची घटनाओं को जान सकें, जो सरकारी दफ्तरों की फाइलों में दबी रहती हैं. ऐसी ही एक लोकप्रिय फिल्म ‘रेड’ है, जिसमें अजय देवगन ने मुख्य भूमिका निभाई थी.

यह फिल्म उत्तर प्रदेश में हुई एक इनकम टैक्स छापेमारी की कहानी पर आधारित थी. अब इस फिल्म ने अपनी रिलीज के 8 साल पूरे कर लिए हैं.

अभिनेता अजय देवगन ने इंस्टाग्राम के माध्यम से इस अवसर पर खुशी जाहिर की. उन्होंने एक मोशन वीडियो साझा किया, जिसमें लिखा, “अमय पटनायक से आप किसी चीज को छुपा नहीं सकते. ‘रेड’ के 8 साल पूरे.”

फिल्म में अजय देवगन ने एक ईमानदार अधिकारी की भूमिका निभाई थी, जबकि सौरभ शुक्ला ने विलेन के रूप में शानदार प्रदर्शन किया. यह फिल्म आज भी अपनी सस्पेंस-भरी कहानी के लिए जानी जाती है.

साल 2018 में रिलीज हुई यह फिल्म 1980 के दशक में कानपुर की एक सच्ची घटना पर आधारित क्राइम थ्रिलर थी. इसमें अजय देवगन ने ईमानदार आयकर अधिकारी (अमय पटनायक) का किरदार निभाया. फिल्म एक दबंग ऑफिसर द्वारा एक भ्रष्ट बाहुबली नेता (सौरभ शुक्ला) के घर पर की गई लंबी और जोखिम भरी छापेमारी को दर्शाती है, जो अंत तक दर्शकों को बांधे रखती है.

सौरभ शुक्ला ने ‘रामेश्वर सिंह’ (ताऊजी) नामक एक ताकतवर नेता की भूमिका निभाई, जिसके घर से भारी मात्रा में काला धन (नकदी और सोना) बरामद होता है. कहानी में, ताऊजी अपनी राजनीतिक ताकत का इस्तेमाल करके रेड को रोकने की कोशिश करता है और अमय पर हमला भी करवाता है, लेकिन अमय कानून के दायरे में रहकर अपनी कार्रवाई पूरी करता है.

फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और इसके अभिनय तथा निर्देशन की काफी तारीफ की गई थी. दर्शकों ने इसे अच्छा रिस्पॉन्स दिया, जिसके बाद मेकर्स ने 2005 में ‘रेड 2’ रिलीज की थी.

Leave a Comment