प्रदर्शन करना युवा का अधिकार, चन्नी का केंद्र पर हमला

नई दिल्ली, 25 फरवरी: कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना हर युवा का अधिकार है, इसे देशद्रोह कैसे कहा जा सकता है?

दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रोटेस्ट किया. इसके बाद भाजपा और पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमले तेज कर दिए. भाजपा नेताओं ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शर्मनाक बताते हुए उन्हें देशद्रोही तक कहा.

मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस के चीफ उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया. इस गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध जताया है. चन्नी ने कहा कि वर्तमान सरकार देश को लोकतंत्र से हटाकर तानाशाही की ओर धकेल रही है. जो युवा प्रदर्शन करता है, उसे देशद्रोही करार दिया जाता है.

उन्होंने कहा कि युवा सड़कों पर हैं, रोजगार नहीं मिल रहा है, और जब वे प्रदर्शन करते हैं, तो सरकार उन्हें देशद्रोही बताती है. यूथ कांग्रेस के चीफ और उनकी टीम को गिरफ्तार किया गया है. हम इसका विरोध करेंगे और देश को ‘काले अंग्रेजों’ से मुक्त कराएंगे.

कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने चिब की गिरफ्तारी को निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस ने केवल लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण विरोध किया था, जिससे प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार हिल गई हैं. उन्होंने पावर का गलत इस्तेमाल किया है. हम अपने यूथ कांग्रेस लीडर्स के साथ खड़े हैं जिन्होंने सरकार को सही जगह पर चोट पहुंचाई है.

Leave a Comment