चंकी पांडे ने हनुमान जी की जन्मस्थली पर की पूजा-अर्चना

मुंबई, फरवरी 10: अभिनेता चंकी पांडे अपने मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में, उन्होंने रामभक्त हनुमान की जन्मस्थली के दर्शन किए. इस दौरान, उन्होंने लोकसभा सदस्य साक्षी महाराज से भी मुलाकात की.

चंकी ने इस पवित्र यात्रा की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर साझा कीं. तस्वीरों में वे मंदिर में पूजा करते हुए और पंडित जी के साथ नजर आ रहे हैं. एक फोटो में वे साक्षी महाराज के साथ पोज भी दे रहे हैं.

अभिनेता ने लिखा, “जय हनुमान जी. नाशिक के अंजनेरी पहाड़ियों के पास स्थित हनुमान जी मंदिर में सुंदर दर्शन हुए. यह हनुमान जी की जन्मस्थली है.”

चंकी के पोस्ट के बाद उनके फैंस और इंडस्ट्री के कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने हार्ट और फायर इमोजी के साथ अपनी खुशी व्यक्त की.

हनुमान जी की जन्मस्थली महाराष्ट्र के नासिक जिले में अंजनेरी पहाड़ियों के पास स्थित है. यह स्थान हनुमान भगवान की जन्मस्थली मानी जाती है, जहां माता अंजना ने पवनपुत्र को जन्म दिया था. अंजनेरी में हनुमान जी का एक विशेष मंदिर है, जहां श्रद्धालु दूर-दूर से दर्शन करने आते हैं. यह स्थान त्र्यंबकेश्वर के निकट स्थित है और प्राकृतिक सुंदरता से भरा हुआ है.

चंकी पांडे इन दिनों अपने आगामी प्रोजेक्ट को लेकर व्यस्त हैं, जिसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी. हाल ही में, वे फिल्म ‘राहु केतू’ में नजर आए थे.

‘राहु-केतू’ को जी स्टूडियोज और बीलाइव प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है, और इसका निर्देशन विपुल विग ने किया है. फिल्म में पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और शालिनी पांडे मुख्य भूमिका में हैं. इसके अलावा, चंकी पांडे, अमित सियाल और मनुऋषि चड्ढा भी महत्वपूर्ण किरदारों में हैं. यह फिल्म 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और दर्शकों ने इसे पसंद किया था. बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने अच्छी कमाई की थी.

Leave a Comment