
गाजीपुर, 13 मार्च: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) की 22वीं किस्त जारी की. यह किस्त गुवाहाटी से जारी की गई. इस योजना के तहत 9.3 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई.
किस्त जारी होने के बाद गाजीपुर जिले के किसानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली. किसान लंबे समय से इस राशि का इंतजार कर रहे थे. उनका कहना है कि इस राशि के मिलने से वे खेती के लिए बीज और सिंचाई के खर्चों का भुगतान आसानी से कर सकते हैं. यह योजना किसानों के लिए बहुत लाभकारी साबित हो रही है.
गाजीपुर के कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दी जा रही यह सम्मान निधि किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी है. गरीब और असहाय किसानों के लिए यह राशि बहुत मददगार साबित होती है.
किसान अंजू चतुर्वेदी ने कहा कि इस योजना से किसानों को काफी सहूलियत मिलती है. योजना के तहत मिलने वाले पैसों का उपयोग खाद और बीज खरीदने में किया जाता है. उन्होंने बताया कि किस्त जारी होने के बाद किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दे रहे हैं, लेकिन जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे परेशान हैं. विभाग उनके पंजीकरण की प्रक्रिया में लगा है.
किसान विद्यानाथ चौबे ने कहा कि जिन किसानों ने फार्मर पंजीकरण कराया है, उन्हें इस योजना का लाभ मिला है. इस राशि से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलती है और समय पर फसलों के लिए खाद और बीज उपलब्ध हो जाता है.
एफपीओ संचालक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि यह राशि भले ही छोटी हो, लेकिन इससे किसानों को समय पर खाद, बीज और सिंचाई की व्यवस्था करने में मदद मिलती है. धान की बोआई से पहले अगर दो हजार रुपये मिल जाते हैं, तो किसान समय पर बीज खरीद पाते हैं.
उप निदेशक कृषि विजय कुमार ने बताया कि गाजीपुर में 4 लाख 18 हजार से अधिक किसानों को पीएम-किसान की 22वीं किस्त प्राप्त हुई है. उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत से अब तक किसानों को जो धनराशि मिली है, उसकी कल्पना एक सामान्य किसान नहीं कर सकता था. इससे किसान खेती की तत्काल जरूरतों को आसानी से पूरा कर पा रहे हैं.
नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने 22वीं किस्त जारी होने पर किसानों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के खाते में सीधे पैसा पहुंच रहा है, जिससे उन्हें पारदर्शी तरीके से लाभ मिल रहा है.
गुजरात के गांधीनगर के किसानों ने भी पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी होने पर खुशी जताई. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचा रही है. सरकार ने उन्हें 60,000 रुपए सहायता राशि दी है.
उल्लेखनीय है कि पीएम-किसान योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है. इस योजना के तहत किसानों को हर साल कुल 6,000 रुपए की सहायता दी जाती है, जो तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है. सरकार का मानना है कि समय पर मिलने वाली यह राशि किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करने में मदद करती है.