बोमन ईरानी का मजेदार वीडियो: ट्रंप से शांति वार्ता के लिए तैयार

मुंबई, 26 मार्च: अभिनेता-निर्देशक बोमन ईरानी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को हल करने के लिए मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखी है. उन्होंने बुधवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया.

बोमन ईरानी गंभीर भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस वीडियो में उन्होंने अपनी मजाकिया छवि भी दिखाई. उन्होंने अपनी ईरानी जड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तीन ईरानी मूल के लोगों, स्मृति ईरानी, अरुणा ईरानी और खुद उनसे बात करना चाहते हैं, तो वे तैयार हैं.

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में बोमन ने कहा, “अगर ट्रंप ‘ईरानियों’ से बात करना चाहते हैं, तो हम शांति वार्ता के लिए पूरी तरह तैयार हैं. मैं बिल्कुल तैयार हूं. हम शांति के लिए कुछ भी कर सकते हैं.”

हालांकि, उन्होंने एक शर्त रखी. बोमन ने कहा, “मेरी बस एक ही शर्त है कि मैं वॉशिंगटन नहीं जाऊंगा. उनका प्रतिनिधिमंडल दादर पारसी कॉलोनी आ जाए. हम उनकी पसंद के अनुसार मेहमाननवाजी करेंगे, उन्हें धनसाक और कस्टर्ड खिलाएंगे. हम एक गैस सिलेंडर का भी इंतजाम करेंगे. मुझे लगता है इससे सबकी जिंदगी बहुत आसान हो जाएगी.”

इस बीच, पश्चिम एशिया में चल रहे अशांति का असर दुनिया भर में महसूस किया जा रहा है. अमेरिका और इजरायल ईरान पर हमले कर रहे हैं, जबकि ईरान भी मध्य-पूर्व में अमेरिकी सहयोगियों के ठिकानों और तेल अवीव पर जवाबी कार्रवाई कर रहा है.

बोमन ईरानी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फैंस उनकी हल्के-फुल्के अंदाज और वर्तमान स्थिति पर व्यंग्य को काफी पसंद कर रहे हैं. एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, ‘वाह सर मजेदार’, जबकि दूसरे ने लिखा, ‘क्या बात है.’

Leave a Comment