
नई दिल्ली, 24 मार्च: पीरियड्स के दौरान होने वाला दर्द लगभग हर लड़की और महिला के लिए एक सामान्य समस्या है. कुछ को हल्का दर्द होता है, जबकि दूसरों को इतना तेज दर्द होता है कि रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो जाता है. पेट के निचले हिस्से में ऐंठन, कमर दर्द, थकान, सिरदर्द और कभी-कभी मतली जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. ऐसे में हर बार दवा लेना आवश्यक नहीं है. कुछ आसान घरेलू उपाय और जीवनशैली में छोटे बदलाव करके भी राहत पाई जा सकती है.
सबसे पहले, खानपान पर ध्यान देना बहुत जरूरी है. पीरियड्स के दौरान ठंडी और भारी चीजें खाने से बचें. गर्म, हल्का और ताजा खाना लें. घी से बनी चीजें या हल्का गरम खाना शरीर को आराम देती हैं. गैस बनाने वाली चीजें जैसे आलू, चना या ज्यादा तली-भुनी चीजें न खाएं, क्योंकि ये पेट में सूजन और दर्द बढ़ा सकती हैं. इसके अलावा, शरीर को हाइड्रेट रखना भी आवश्यक है, इसलिए गुनगुना पानी पीते रहें.
घरेलू नुस्खों की बात करें तो अजवाइन, सौंफ, मेथी, जीरा और दालचीनी का काढ़ा काफी फायदेमंद माना जाता है. इन सबको पानी में उबालकर दिन में 2-3 बार थोड़ा-थोड़ा पी सकते हैं. यह न केवल दर्द को कम करता है बल्कि पेट को भी आराम देता है. अदरक वाली चाय भी पीरियड्स के दर्द में राहत दे सकती है.
दर्द से राहत पाने का एक और आसान तरीका है गर्म सिकाई. पेट के निचले हिस्से पर 10-15 मिनट के लिए गर्म पानी की बोतल या हीटिंग पैड रखें. इससे मांसपेशियों को आराम मिलता है और दर्द कम होता है. सरसों या नारियल तेल को हल्का गर्म करके पेट के निचले हिस्से, कमर और जांघों पर हल्की मालिश करना भी राहत देता है.
सिर्फ घरेलू उपाय ही नहीं, बल्कि आपकी दिनचर्या भी महत्वपूर्ण है. रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज, वॉक या योग करने से शरीर सक्रिय रहता है और पीरियड्स के दौरान दर्द कम महसूस होता है. प्राणायाम और डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज तनाव को कम करते हैं, जिससे दर्द का प्रभाव भी कम हो जाता है. पर्याप्त नींद और आराम लेना भी आवश्यक है.
एक और महत्वपूर्ण बात है कि कब्ज से बचें, क्योंकि कब्ज होने पर पेट का दबाव बढ़ता है और दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है. इसलिए फाइबर युक्त खाना खाएं और पानी पर्याप्त मात्रा में पिएं.
हालांकि ये सभी उपाय मददगार होते हैं, लेकिन अगर दर्द बहुत ज्यादा हो, बार-बार हो या आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहा हो, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से सलाह जरूर लें.