आयरलैंड ने ओमान को 236 रन का लक्ष्य दिया, लॉर्कन और डेलानी की शानदार पारी

कोलंबो, 14 फरवरी: आयरलैंड और ओमान के बीच सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड, कोलंबो में ग्रुप बी का मुकाबला चल रहा है. आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए हैं.

ओमान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने 25 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाज, टिम टेक्टर और रॉस अडेयर, का विकेट खो दिया. इसके बाद 45 पर हैरी टेक्टर और 64 पर कर्टिस कैंफर का विकेट गिरा. इस समय आयरलैंड मुश्किल में थी.

हालांकि, कप्तान लॉर्कन टकर और गारेथ डेलानी ने पांचवें विकेट के लिए 56 गेंदों पर 101 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी. डेलानी ने 30 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 56 रन बनाए.

डेलानी के आउट होने के बाद, टकर ने जॉर्ज डॉकरेल के साथ छठे विकेट के लिए 19 गेंदों पर 50 रन की साझेदारी की. डॉकरेल ने 9 गेंदों में 5 छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर नाबाद रहे. टकर को अंतिम ओवर में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, जिससे वह शतक पूरा नहीं कर सके. उन्होंने 51 गेंदों में 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 94 रन बनाए.

आयरलैंड ने 5 विकेट पर 235 रन बनाकर टी20 में अपना सर्वाधिक स्कोर बनाया. यह टी20 विश्व कप में एक पारी का भी सर्वाधिक स्कोर है. आयरलैंड को टी20 विश्व कप 2026 में अपनी पहली जीत का इंतजार है, और संभवतः इस मैच में उनका इंतजार समाप्त हो जाएगा.

Leave a Comment