दक्षिण चीन सागर में आया शक्तिशाली भूकंप, मलेशिया में महसूस हुए झटके

नई दिल्ली, 23 फरवरी: दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में रविवार देर रात 7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. यह भूकंप भारतीय समयानुसार रात 10 बजकर 27 मिनट 46 सेकंड पर दर्ज किया गया.

भूकंप का केंद्र 6.86 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 116.25 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था. इसकी गहराई लगभग 625 किलोमीटर बताई गई है, जो इसे गहरे भूकंप (डीप फोकस) की श्रेणी में रखता है.

विशेषज्ञों के अनुसार, इतनी अधिक गहराई पर आने वाले भूकंप आमतौर पर सतह पर कम नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन झटके व्यापक क्षेत्र में महसूस किए जा सकते हैं.

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप का केंद्र मलेशिया के कोस्टल स्टेट कैपिटल कोटा किनाबालु से 100 किलोमीटर (62 मील) दूर था.

इससे पहले, 19 फरवरी को दुनिया के दो हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. इनमें से एक तिब्बत में आया था, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई थी और इसकी गहराई 130 किलोमीटर थी. इसके अलावा, दक्षिणी ईरान में भी 5.5 तीव्रता का भूकंप आया था.

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, तिब्बत में यह भूकंप सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर महसूस किया गया था.

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने ईरान में आए भूकंप की तीव्रता 4.4 बताई थी. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक तीव्रता को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है.

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (जीएफजेड) ने बताया कि दक्षिणी ईरान में 5.5 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर (6.21 मील) थी.

Leave a Comment