रोहित शेट्टी: पिता की प्रेरणा से बने एक्शन किंग

मुंबई, मार्च 14: रोहित शेट्टी, जिन्होंने ‘गोलमाल’, ‘सिंघम’, और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, आज फिल्म इंडस्ट्री के एक्शन किंग माने जाते हैं. उनकी फिल्मों में एक्शन से भरपूर दृश्य और उड़ती गाड़ियां दर्शकों को रोमांचित करती हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनके पिता, एम.बी. शेट्टी, ही उनकी प्रेरणा बने.

रोहित के पिता का स्टंटमैन का जीवन और उनके अनुभवों ने रोहित में एक्शन के प्रति गहरा जुनून पैदा किया. बचपन में, जब रोहित ने अपने पिता को खून-खराबे और चोटों के साथ घर लौटते देखा, तो उन्होंने ठान लिया कि वे ऐसे एक्शन फिल्में बनाएंगे, जो दर्शकों को रोमांचित करें. आज उनकी फिल्में करोड़ों कमाती हैं और एक्शन का नया मानक स्थापित करती हैं.

रोहित के पिता, एम.बी. शेट्टी, 1970-80 के दशक के मशहूर स्टंटमैन और एक्शन कोरियोग्राफर थे. उनकी मां, रत्ना शेट्टी, भी एक जूनियर आर्टिस्ट और स्टंट वुमन थीं. रोहित महज 7-8 साल के थे जब 1982 में उनके पिता का निधन हुआ. इस घटना ने परिवार पर गहरा आर्थिक संकट ला दिया. उनकी मां ने अकेले संघर्ष किया और रोहित को फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का मार्ग दिखाया.

17 साल की उम्र में, 1991 में, रोहित ने ‘फूल और कांटे’ से अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने निर्देशक कुकू कोहली के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया. इसी फिल्म में अजय देवगन ने भी डेब्यू किया, जिससे उनकी दोस्ती की शुरुआत हुई. शुरुआती दिनों में, रोहित ने कई कठिनाइयों का सामना किया, जैसे कि भूखे रहकर सेट पर पहुंचना.

2003 में, 30 साल की उम्र में, रोहित ने अपनी पहली फिल्म ‘जमीन’ डायरेक्ट की, लेकिन यह सफल नहीं हो पाई. इसके बाद उन्हें काम मिलना मुश्किल हो गया. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. 2006 में ‘गोलमाल’ ने कॉमेडी में तहलका मचा दिया. ‘गोलमाल’ सीरीज आज भी सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में से एक है. 2011 में ‘सिंघम’ ने उन्हें एक्शन का बादशाह बना दिया. इसके बाद ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘सिंघम रिटर्न्स’, ‘सिम्बा’, ‘सूर्यवंशी’ और ‘सिंघम अगेन’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया.

रोहित शेट्टी की फिल्में एक्शन, कॉमेडी और इमोशन्स का बेहतरीन मिश्रण हैं. इसके अलावा, वे स्टंट-बेस्ड शो ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ को होस्ट कर चुके हैं और ‘कॉमिडी सर्कस’ में जज भी रहे हैं.

Leave a Comment