सलमान खान ने ‘करण अर्जुन’ और ‘तेरे नाम’ में मेहनत का श्रेय नहीं लिया

मुंबई, 18 फरवरी: फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की मेहनत और श्रेय को लेकर अक्सर चर्चाएं होती हैं. कभी पोस्टर पर नाम को लेकर विवाद होता है, तो कभी इंटरव्यू में अपनी मेहनत का बखान किया जाता है. लेकिन, जब सफलता मिलती है, तो सितारे यह बताना नहीं भूलते कि फिल्म उनके दम पर चली.

इस संदर्भ में अभिनेता सलमान खान का मामला कुछ अलग है. वह अपनी हिट फिल्मों में अपनी भूमिका को कम आंकते हैं. हाल ही में उनका एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.

लहरें टीवी को दिए गए इस इंटरव्यू में सलमान ने कहा कि कुछ फिल्मों में उन्होंने ज्यादा मेहनत नहीं की, फिर भी दर्शकों और इंडस्ट्री ने उन्हें सफलता का चेहरा बना दिया.

उन्होंने अपनी लोकप्रिय फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा, “करण अर्जुन” में मैंने कोई ज्यादा मेहनत नहीं की थी. इस फिल्म में बाकी कलाकारों, निर्देशक और पूरी टीम ने जमकर काम किया, लेकिन जब फिल्म सुपरहिट हुई, तो सारा क्रेडिट मुझे ही मिलने लगा.”

सलमान ने अपनी एक अन्य चर्चित फिल्म “तेरे नाम” का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “इस फिल्म में भी मेरा किरदार बहुत साधारण था. न तो डायलॉग्स ज्यादा थे और न ही अभिनय में कोई बड़ा प्रयोग. फिल्म में मेरे पास गिनती के ही डायलॉग थे. इसके बावजूद यह फिल्म लोगों के दिलों में उतर गई और आज भी उनकी यादगार फिल्मों में गिनी जाती है.”

सलमान खान ने “तेरे नाम” की सफलता का पूरा श्रेय फिल्म की कहानी, निर्देशन, स्क्रीनप्ले और लेखन को दिया.

गौरतलब है कि “करण अर्जुन” फिल्म 13 जनवरी 1995 को रिलीज हुई थी और “तेरे नाम” ने 15 अगस्त 2003 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी.

Leave a Comment