टी20 वर्ल्ड कप में भारत पर साउथ अफ्रीका की शानदार जीत

अहमदाबाद, फरवरी 23: साउथ अफ्रीका ने रविवार को भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप-2026 के सुपर-8 मुकाबले में 76 रन से शानदार जीत दर्ज की. साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने इस जीत के लिए डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस की सराहना की है.

डेविड मिलर (63) और डेवाल्ड ब्रेविस (45) ने उस समय टीम को संभाला, जब साउथ अफ्रीका ने 20 के स्कोर पर 3 विकेट खो दिए थे. इस जोड़ी ने 50 गेंदों में 97 रन की साझेदारी की. कप्तान मार्करम ने कहा, “यह साझेदारी सबसे महत्वपूर्ण थी. डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार काम किया, टीम को संभाला और पारी को स्थिर किया. अंत के ओवरों में हमारी रणनीति थी कि हम गैप खोजें और तेजी से रन दौड़ें.”

शानदार जीत के बाद मार्करम ने कहा, “टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. यहां की पिच पहले की तुलना में अलग थी, और खिलाड़ियों ने इसे जल्दी समझा. हमारी गेंदबाजी यूनिट के लिए हम उत्साहित हैं. टूर्नामेंट की शुरुआत थोड़ी कठिन रही, लेकिन आज का प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ था.”

मार्करम ने आगे कहा, “हम जानते हैं कि गलतियां होंगी, लेकिन हम उन्हें पीछे छोड़कर आगे बढ़ते हैं. लुंगी एनगिडी हमेशा विकेट लेने का खतरा बने रहते हैं. मैच के दिन हम आकलन करेंगे और उन्हें वही भूमिका देंगे.”

साउथ अफ्रीका 26 फरवरी को अपना अगला सुपर-8 मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी. मार्करम ने कहा, “यह हमारे लिए बड़ा मैच है. हम इस जीत का जश्न मनाएंगे, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ पूरी तैयारी करेंगे.”

Leave a Comment