खेल मंत्री ने ‘साइकिलिंग लीग ऑफ इंडिया’ का लोगो किया अनावरण

नई दिल्ली, 5 मार्च: केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को दुनिया की पहली फ्रैंचाइजी-आधारित रोड साइक्लिंग लीग के लोगो का अनावरण किया. इस पहल को देश में साइक्लिंग के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाला कदम बताते हुए मंत्री ने कहा कि यह भारत में साइक्लिंग के लिए एक महत्वपूर्ण पल है.

मंडाविया ने कहा, “यह अनावरण भारतीय खेलों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है. दुनिया की पहली फ्रैंचाइज आधारित रोड साइकिलिंग लीग शुरू करके, हम केवल रेस का आयोजन नहीं कर रहे हैं, बल्कि एक ऐसा प्रोफेशनल इकोसिस्टम बना रहे हैं जो टैलेंट को बढ़ावा देगा. यह अनावरण हमारे फिट और वाइब्रेंट भारत के विजन से भी मेल खाता है.”

उन्होंने आगे कहा कि यह पहल हाल के प्रोफेशनल साइक्लिंग इवेंट्स से बने मोमेंटम पर आधारित है और युवा भारतीयों को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “चाहे वह पुणे ग्रैंड टूर हो, अहमदाबाद में लीग हो, या संडे ऑन साइकिल, मेरा मानना है कि ये सभी भारत में साइक्लिंग को एक खेल के रूप में स्थापित करेंगे.”

आगामी लीग में 8 शहरों की फ्रेंचाइजी होंगी, जिनमें प्रत्येक में दस साइकिलिस्ट होंगे. टीम में दो इंटरनेशनल राइडर शामिल होंगे, जो वैश्विक विशेषज्ञता और प्रतिस्पर्धा लाएंगे, साथ ही दो जूनियर साइकिलिस्ट भी होंगे, जिनका उद्देश्य उभरते हुए भारतीय टैलेंट को आगे बढ़ाना है.

यह प्रतियोगिता 3 फेज में होगी, जो एक ग्रैंड फिनाले तक जाएगी. इसमें विभिन्न फॉर्मेट की रेस होंगी, जैसे कि क्राइटेरियम रेस, टीम टाइम ट्रायल और मास स्टार्ट इवेंट. यह पहल हाल के वर्षों में भारत में प्रोफेशनल साइक्लिंग की जबरदस्त वापसी पर भी आधारित है.

Leave a Comment