सुनेत्रा पवार की प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह से मुलाकात

नई दिल्ली, 11 फरवरी: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने दोनों बेटों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस अवसर पर प्रफुल्ल पटेल भी उपस्थित थे.

उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचीं सुनेत्रा पवार ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की. उनके साथ परिवार के सदस्य और एनसीपी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे.

सुनेत्रा पवार ने मुलाकात की फोटो साझा करते हुए लिखा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट हुई. उन्होंने एक अन्य पोस्ट में बताया कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से भेंट हुई. उन्होंने कहा कि स्व. अजित पवार के जाने से महाराष्ट्र की राजनीति में जो रिक्तता आई है, उसे भरना आसान नहीं है. लेकिन जनकल्याण और प्रदेश के विकास के उनके विजन को साकार करना हम सभी का साझा कर्त्तव्य है, जिसमें आपका संकल्प बहुत उपयोगी सिद्ध होगा.

इससे पहले 10 फरवरी को सुनेत्रा पवार ने मंत्रालय में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला. उन्होंने कहा कि वह महाराष्ट्र के कल्याण के लिए अटूट निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना जारी रखेंगी.

उनके साथ एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, राज्य इकाई के प्रमुख सुनील तटकरे और अन्य मंत्री भी उपस्थित थे. सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और उन्हें खेल एवं युवा कल्याण, उत्पाद शुल्क एवं अल्पसंख्यक मामलों के विभाग आवंटित किए गए. मंगलवार को उन्होंने उपमुख्यमंत्री के रूप में अपनी पहली कैबिनेट बैठक में भाग लिया.

एक्स पर किए गए एक भावुक पोस्ट में सुनेत्रा पवार ने कहा, “आज महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री का पदभार संभालते हुए मैं विश्वास, कर्तव्य और त्याग की भावना से ओतप्रोत हूं. महाराष्ट्र की जनता के विकास के प्रति माननीय अजित दादा का आजीवन समर्पण मेरे लिए मार्गदर्शक है. मेरी सर्वोपरि प्राथमिकता उनके अधूरे सपनों को पूरा करना और किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों की आकांक्षाओं को साकार करना होगी.”

Leave a Comment