टीम इंडिया को वर्ल्ड कप 2026 में मिली पहली हार

अहमदाबाद, फरवरी 22: टी-20 विश्व कप 2026 में रविवार को टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा. यह आईसीसी इवेंट में 2023 वनडे विश्व कप के बाद भारतीय टीम की पहली हार है.

2023 विश्व कप के बाद भारतीय टीम ने तीनों फॉर्मेट में कुल 17 मैच खेले थे और सभी में जीत हासिल की थी. हालांकि, नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया का विजय रथ थम गया.

साउथ अफ्रीका द्वारा दिए गए 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई. यह टी20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी हार थी.

भारतीय टीम का बैटिंग ऑर्डर सुपर-8 राउंड में ताश के पत्तों की तरह बिखर गया. ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. अभिषेक शर्मा ने 15 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा एक रन बनाकर आउट हुए. सूर्यकुमार यादव ने 18 रन बनाए और कॉर्बिन बॉश का शिकार बने. वॉशिंगटन सुंदर और हार्दिक पांड्या भी कुछ खास नहीं कर सके.

शिवम दुबे ने 37 गेंदों में 42 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई सहयोग नहीं मिला. साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में मार्को जानसेन ने 3.5 ओवर में 22 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि केशव महाराज ने तीन विकेट चटकाए.

इससे पहले, साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए. डेविड मिलर ने 35 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे. डेवाल्ड ब्रेविस ने भी 29 गेंदों में 45 रन बनाए. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर 3 विकेट लिए.

Leave a Comment