
मुंबई, 7 मार्च: भोजपुरी सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री अंजना सिंह एक बार फिर दर्शकों के लिए पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘किसान बहुरिया’ लेकर आई हैं. यह फिल्म एक महिला के संघर्ष और पारिवारिक रिश्तों को दर्शाती है.
शनिवार को फिल्म के निर्माताओं ने इसका ट्रेलर जारी किया. 4 मिनट 47 सेकंड का यह ट्रेलर प्रभावशाली और मनोरंजक है. ट्रेलर में अंजना ने एक ऐसी महिला का किरदार निभाया है, जो शादी के बाद ससुराल में खेती-बाड़ी संभालकर परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार लाती है.
ट्रेलर की शुरुआत में दिखाया गया है कि अंजना की शादी एक ऐसे लड़के से होती है, जिसकी मानसिक स्थिति के कारण लोग उसे ताना देते हैं. इस किरदार को प्रशांत सिंह ने निभाया है. फिल्म में प्रशांत को एक ऐसे पति के रूप में दिखाया गया है, जो काम नहीं करता और इसके कारण अंजना को ताने सुनने पड़ते हैं. लोग सोचते हैं कि ऐसे लड़के से शादी कौन करेगा, लेकिन अंजना उससे शादी कर लेती है.
कहानी में मोड़ तब आता है, जब अंजना अपने पति की स्थिति देखकर घर की जिम्मेदारी और खेती करने का निर्णय लेती है, जिससे वह आर्थिक स्थिति में सुधार लाती है और परिवार में खुशहाली लाती है. यह कहानी बहू की हिम्मत, किसानी के महत्व और रिश्तों की मजबूती को दर्शाती है. ट्रेलर में भावनात्मक और प्रेरक क्षण हैं, जो दर्शकों को बांधे रखते हैं.
अंजना सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हैं. उन्होंने कई हिट फिल्में दी हैं और इस बार भी ‘किसान बहुरिया’ में उनका किरदार दर्शकों को पसंद आने की उम्मीद है. प्रशांत सिंह भी अपनी एक्टिंग से फिल्म में जान डालने वाले हैं.
इस फिल्म में ओम झा ने संगीत दिया है. यह पहली बार नहीं है जब अंजना और प्रशांत एक साथ काम कर रहे हैं; दोनों इससे पहले भी कई फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं.