मध्य प्रदेश में जादू-टोना के शक में दो की हत्या

सिंगरौली, 12 फरवरी: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जादू-टोने के शक में दो लोगों की हत्या कर दी गई है. इस घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

पुलिस ने इस हत्याकांड के आरोपी को हिरासत में ले लिया है. घटनास्थल से कई नारियल और एक कुल्हाड़ी बरामद की गई है.

पुलिस के अनुसार, जेयावन थाना क्षेत्र के अंतरवा गांव में छत्रपति सिंह की शादी के बाद संतान नहीं हुई और उसकी पत्नी का गर्भपात हो गया. छत्रपति ने पड़ोसी केवल सिंह और फूलमती को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया.

उसका कहना था कि इन दोनों के जादू-टोने के कारण वह पिता नहीं बन पा रहा है. इसी विवाद के चलते छत्रपति ने केवल सिंह और फूलमती पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया.

जब दो लोग बीच-बचाव करने आए, तो उन पर भी हमला किया गया. इस हमले में केवल सिंह और फूलमती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

गांव के लोगों का कहना है कि छत्रपति अपनी पत्नी के गर्भपात के बाद पड़ोसियों पर जादू-टोने का आरोप लगाता था. इस घटना के बाद आरोपी छत्रपति ने खुद को एक मकान में बंद कर लिया. पुलिस ने सूचना मिलने पर उसे हिरासत में लिया.

Leave a Comment