बलूचिस्तान में गोलीबारी: आईएसआई से जुड़े दो संदिग्धों की मौत

क्वेटा, 10 मार्च: बलूचिस्तान के खुजदार जिले में चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर (सीपीईसी) हाईवे पर हुई गोलीबारी में पाकिस्तान की इंटेलिजेंस एजेंसी, आईएसआई से जुड़े दो संदिग्धों की मौत हो गई है. स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी.

द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, सोमवार को खुजदार के कारख तहसील में लड़ाकों ने चेकपॉइंट से गुजरने वाली गाड़ियों की जांच की. इसी दौरान आईएसआई से जुड़े दो संदिग्धों को पकड़ा गया. जब वे भागने की कोशिश करने लगे, तो उन्हें गोली मार दी गई. एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया गया. इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने इलाके में कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई.

रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी समूह ने नहीं ली है. यह घटना 4 मार्च को कारख शहर में बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) द्वारा सरकारी संपत्ति और पुलिस स्टेशनों को नष्ट करने के कुछ दिनों बाद हुई.

एक अलग घटना में, द बलूचिस्तान पोस्ट ने बताया कि केच जिले के तेजबन इलाके में पाकिस्तान के फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) के काफिले पर विस्फोटक सामग्री से हमला किया गया. इस विस्फोट में गाड़ी को काफी नुकसान हुआ और दो लोग घायल हुए.

इसके अलावा, केच में, हथियारबंद लोगों ने खान और शेपचर इलाकों में दो पाकिस्तानी मिलिट्री चेकपोस्ट पर हमले किए. यहां से हथियार और अन्य सामान जब्त करने के बाद चेकपॉइंट में आग लगा दी गई.

बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) ने भी 8 और 9 मार्च को क्वेटा और नसीराबाद जिले में पाकिस्तानी सेना को निशाना बनाकर दो हमले किए. बीआरजी के प्रवक्ता दोस्तैन बलूच ने कहा कि उन्होंने क्वेटा में एक पुलिस पेट्रोल पर हैंड ग्रेनेड फेंका था.

इसके बाद, नसीराबाद के मीर हसन इलाके में छोटे हथियारों और ग्रेनेड-लॉन्चर से एक फोर्स चेकपॉइंट पर हमला किया गया, जिसमें दो पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और एक अन्य घायल हुआ.

बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने 7 और 8 मार्च को केच में एक पाकिस्तानी मिलिट्री कैंप और सिक्योरिटी फोर्स चेकपॉइंट पर हमलों की जिम्मेदारी ली. बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर ग्वाहरम बलूच ने दावा किया कि लड़ाकों ने 8 मार्च को तुर्बत एयरपोर्ट के मेन गेट पर कई ग्रेनेड लॉन्चर दागे थे.

उन्होंने कहा, “इस हमले से चेकपॉइंट पर दुश्मन खेमे के कई लोग मारे गए और उनके सामान को भारी नुकसान पहुंचा.” बीएलएफ ने 7 मार्च को हिरोंक इलाके में एक पाकिस्तानी मिलिट्री कैंप पर भी हमला किया था, जिसमें दुश्मनों को भारी कीमत चुकानी पड़ी.

दोनों समूहों ने पाकिस्तानी फोर्स के खिलाफ हमलों को बलूचिस्तान में “कब्जा करने वाली सेनाओं” के खिलाफ चल रहे हथियारबंद संघर्ष का हिस्सा बताया है.

Leave a Comment