
मुंबई, 13 मार्च: अभिनेत्री स्नेहलता वसैकर जल्द ही आगामी सीरीज ‘वशीकरण’ में नजर आएंगी. यह हॉरर-सुपरनैचुरल थ्रिलर सीरीज रूढ़िवादी धारणा को तोड़ने का प्रयास करती है.
स्नेहलता ने हाल ही में एक विशेष बातचीत में बताया कि इस सीरीज ने टेलीविजन में महिलाओं के लिए वर्षों से चली आ रही रूढ़िवादी छवि को चुनौती दी है. उन्होंने कहा, “हिंदी टेलीविजन में अक्सर महिला किरदारों को पारंपरिक तरीके से दर्शाया जाता है, लेकिन ‘वशीकरण’ ने इसमें बदलाव लाने की कोशिश की है. यदि आपने इसका प्रोमो देखा है, तो आप देखेंगे कि कहानी में एक महिला को केंद्र में रखा गया है. किरदार दर्द से गुजरता है, लेकिन वह अपने उबरने का रास्ता खुद चुनता है. इस दृष्टिकोण से, यह आम रूढ़िवादिता से अलग और अधिक मजबूत नजरिया पेश करता है. बदलाव जरूरी है, और मुझे लगता है कि यह शो वही बदलाव लाने की कोशिश करता है.”
इस सीरीज में स्नेहलता सुमन के किरदार में नजर आएंगी, जो एक जटिल और बहुआयामी किरदार है. उन्होंने कहा, “इस किरदार ने मुझे सबसे ज्यादा उत्साहित किया क्योंकि यह बहुआयामी है. विभिन्न भावनाओं और पहलुओं को निभाना बहुत मजेदार रहा.”
अभिनेत्री ने अपने किरदार की चुनौतियों पर भी बात की. उन्होंने कहा, “कई बार जब मैं स्क्रीन पर खुशी या हंसी दिखाती हूं, तो मुझे उस किरदार के अंदर छिपे दुख को भी दिखाना पड़ता है, लेकिन ये भावनात्मक संतुलन बनाए रखना जटिल है. हालांकि, हमारे निर्देशक के मार्गदर्शन और मजबूत स्क्रीनप्ले की वजह से मैं धीरे-धीरे अपने किरदार की परतों को समझ पा रही हूं.”
स्नेहलता ने यह भी बताया कि हॉरर-सुपरनैचुरल थ्रिलर में भावनाओं पर नियंत्रण रखना कितना मुश्किल होता है. उन्होंने कहा, “एक अभिनेता के लिए हर सीन में इमोशंस को कंट्रोल करना जरूरी है. जब आप अपने भावनात्मक बदलावों को समझते हैं, तो विभिन्न भावनाओं को दिखाना आसान हो जाता है.”
उन्होंने कहा कि वह इस किरदार के माध्यम से भावनाओं के बीच के बदलावों को समझने की कोशिश कर रही हैं, जिससे यह किरदार दर्शकों के लिए और भी दिलचस्प बन सके.